जय प्रेतराज कृपाल मेरी, अरज अब सुन लीजिये ।
मैं शरण तुम्हारी आ गया हूँ , नाथ दर्शन दीजिये ॥
मैं करूँ विनती आपसे अब तुम दयामय चित्त धरो ।
चरणों का ले लिया आसरा, प्रभु वेग से दुःख मेरा हरो ॥
सिर पर मुकुट कर में धनुष, गल बीच मोतियन माल है ।
जो करें दर्शन प्रेम से, सब कटत भाव के जाल है ॥
जब पहन दस्तर खडग बाई बगल में ढाल है ।
ऐसा भयंकर रूप जिसको देख डरपत काल है ॥
अति प्रबल सेना विकत योद्धा, संग में विकराल है ।
सब भूत प्रेत पिशाच बाँधे, कैद करते हाल है ॥
तव रूप धरते वीर का, करते तैयारी चलन की ।
संग में लडाके जवान, जिनकी थाह नहीं बलन की ॥
तुम सब तरह सामर्थ्य हो, सकल सुख के धाम हो ।
दुष्टों के मारनहार हो, भक्तों के पूरण काम हो ॥
मैं हूँ मति का मंद मेरी, बुद्धि को निर्मल करो ।
अज्ञान का अँधेरा उर में ज्ञान का दीपक धरो ॥
सब मनोरथ सिद्ध करते, जो कोई सेवा करे ।
तंदुल, बूरा , घ्रत, मेवा, भेंट ले आगे धरे ॥
सुयश सुनके आपका, दुखिया तो आये दूर से ।
सब स्त्री अरु पुरुष आकर पड़े हैं चरण हुजूर के ॥
लीला है अदभुत आपकी महिमा तो अपरंपार है ।
मैं ध्यान जिस दिन धरत हूँ, रच देना मंगलाचार है ॥
सेवक गणेशपुरी महंत जी की, लाज तुम्हारे हाथ है ।
करना खता सब माफ़ उनकी, देना हरदम साथ है ॥
दरबार में आयो अभी, सरकार में हाजिर खड़ा ।
इंसाफ मेरा अब करो, चरणों में आकर गिर पड़ा ॥
अर्जी बमूजिब दे चुका, अब गौर इस पर कीजिये ।
तत्काल इस पर हुक्म लिख दो, फैसला कर दीजिये ॥
महाराज की यह स्तुति, कोई नियम रूप से गाया करे ।
सब सिद्ध कारज होये, उनके रोग पीड़ा सब हरे ॥
भक्त सेवक आपके, उनको नहीं विसराइये ॥
जय जय मनायें आपकी, बेड़े को पार लगाइये ॥